New Delhi: दिल्ली के सफदरजंग इलाके में जज अमन कुमार शर्मा की मौत के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी और साली समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पत्नी और साली पर केस दर्ज
सफदरजंग एन्क्लेव थाने में FIR नंबर 152/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें पत्नी स्वाति मलिक (ज्यूडिशियल अफसर) और उनकी चचेरी बहन निधि मलिक (IAS) पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही स्वाति मलिक के माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति का नाम भी FIR में शामिल है।
किन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
कैसे सामने आया मामला
शनिवार को जज अमन कुमार शर्मा का शव उनके घर में संदिग्ध हालात में मिला था। इसकी सूचना उनके जीजा शिवम कुमार ने PCR कॉल के जरिए पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि अमन पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने उत्पीड़न की बात भी कही थी। घटना से पहले उन्होंने अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह काफी परेशान हैं और जीना मुश्किल हो गया है।
घटना वाली रात क्या हुआ
परिवार के मुताबिक, रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। बताया गया कि पत्नी गुस्से में थीं और अमन भावुक होकर रो रहे थे। कुछ देर बाद माहौल अचानक शांत हो गया।
बाथरूम में मिला शव
जब परिवार ने अमन को ढूंढा तो वह कमरे में नहीं मिले। फोन की रिंगटोन बाथरूम से आ रही थी। दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़ी गई, जहां अमन को फंदे से लटका पाया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस इस मामले में सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद कुछ लोग घर से अचानक चले गए और संपर्क करने में भी दिक्कत आई।
कौन थे अमन कुमार शर्मा
अमन कुमार शर्मा ने 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई की थी और हाल ही में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात थे।

