Delhi : दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें पुरुष, महिलाएं और एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेस्क्यू के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
अलग-अलग फ्लोर से मिले शव
मृतकों के शव बिल्डिंग के अलग-अलग फ्लोर से बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, पहले फ्लोर से 1, दूसरे फ्लोर से 5 और सीढ़ियों से 3 शव मिले हैं। आशंका है कि लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके। कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि डीएनए टेस्ट के बाद ही सभी मृतकों की सही पहचान हो पाएगी।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट या एसी में धमाके के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, अभी तक आग लगने के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि खिड़कियों और बालकनी में लोहे की ग्रिल लगी होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कत आई। इसके बावजूद कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

