Ranchi : शहर में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के बीच एक बार फिर रंगदारी का मामला सामने आया है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर कांके इलाके में एक कारोबारी से 20 लाख रुपये की मांग की गई है। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कांके थाना क्षेत्र के निवासी मनोज कुमार के बेटे हर्षित भदानी के मोबाइल पर 22 मार्च को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में खुद को प्रिंस खान बताते हुए 20 लाख रुपये देने को कहा गया और मना करने पर हत्या की धमकी दी गई। इस घटना के बाद कारोबारी का परिवार दहशत में है। मामले को लेकर मनोज कुमार ने कांके थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। केस की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर रवि शंकर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

