Palamu : जिले के बेनी कला पंचायत के तरीपर सबानो सड़क पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के तरीपर गांव निवासी रंजीत पासवान के 2 साल 3 महीने के बेटे रामल्ला कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

