Ranchi : Jharkhand Academic Council (JAC) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं का परीक्षा परिणाम आज यानी शुक्रवार को जारी कर दिया। परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नतीजों की घोषणा की। इस वर्ष कक्षा 9वीं का कुल परिणाम बेहद शानदार रहा। राज्य का कुल पास प्रतिशत 99.177% दर्ज किया गया है। अधिकांश जिलों में 98% से अधिक छात्र सफल रहे हैं, जबकि कई जिलों ने 99% से ऊपर प्रदर्शन किया है।
जिलावार प्रदर्शन में बोकारो ने 99.632% के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद हजारीबाग (99.556%), कोडरमा (99.558%), धनबाद (99.541%) और गुमला (99.479%) का स्थान रहा। लिंग आधारित परिणामों में एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 99.222% रहा, जबकि छात्रों का 99.126% दर्ज किया गया।
राजधानी रांची का प्रदर्शन भी बेहतर रहा। यहां 32,236 छात्रों में से 31,960 छात्र सफल हुए, जिससे पास प्रतिशत 99.143% रहा। वहीं जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में 99.427% छात्र सफल रहे। गिरिडीह में सबसे अधिक 38,934 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 38,684 पास हुए, जिससे पास प्रतिशत 99.357% रहा। वहीं जिलों में सबसे कम पास प्रतिशत सिमडेगा (98.209%) और साहिबगंज (98.551%) का रहा, हालांकि यह भी अच्छा प्रदर्शन माना जा रहा है।

