Bokaro : बोकारो जिले के सीसीएल के कथारा क्षेत्र में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद से आई सीबीआई टीम ने कथारा कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान और एक कथित बिचौलिए शमशुल हक को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कथारा कोलियरी से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए कारू मांझी के बकाया भुगतान से जुड़ा है। उनके बेटे सुरेश किस्कू ने बताया कि रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली राशि लंबे समय से नहीं मिल रही थी, जिससे परिवार आर्थिक परेशानी में था। आरोप है कि बकाया राशि का भुगतान कराने और फाइल आगे बढ़ाने के लिए सुभाष चन्द्र पासवान ने 30 हजार रुपये की मांग की थी। इस पूरे मामले में शमशुल हक मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
परेशान होकर सुरेश किस्कू ने सीबीआई के धनबाद कार्यालय में शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत सुरेश किस्कू को पैसे देकर भेजा गया। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने कार्यालय में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद दोनों आरोपियों को कथारा स्थित सीसीएल गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
Also Read : गर्मी में कूलर से बढ़ रही नमी से परेशान? अपनाएं ये आसान उपाय
Also Read : रांची में पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी, घर से भागे तीन बच्चे रेलवे स्टेशन से बरामद

