Chatra : चतरा जिले के 40वें डीसी के रूप में रवि आनंद ने आज यानी शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान डीसी कीर्ति श्री से औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली। पदभार लेने के बाद रवि आनंद ने कहा कि जिले के विकास के लिए टीम भावना के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस योजना तैयार की जाएगी, ताकि आम लोगों को सीधा लाभ मिल सके। साथ ही पेयजल संकट को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में समस्या मिलने पर 48 घंटे के अंदर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। नए डीसी ने भरोसा दिलाया कि वे खुद क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका जल्द समाधान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि डीएमएफटी के तहत कार्यरत डॉक्टरों के इस्तीफे के मामले की समीक्षा कर उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि सेवाएं प्रभावित न हों। वहीं, पूर्व डीसी कीर्ति श्री ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए अधिकारियों और जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए डीसी के नेतृत्व में चतरा जिले का और विकास होगा। इस मौके पर डीडीसी अमरेंद्र सिंहा, एसी अरविंद कुमार और जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

