News Wrap : प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। अब उन्हें पक्का मकान मिलने के साथ-साथ मुफ्त बिजली की सुविधा भी दी जाएगी। केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के तहत गरीब परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस योजना का फायदा खासकर बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को मिलेगा। उनके घरों की छत पर एक किलोवाट का सोलर पैनल मुफ्त में लगाया जाएगा, जिससे उनका बिजली बिल खत्म हो जाएगा।
ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की पहल
सरकार का उद्देश्य है कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जाए। सोलर पैनल लगने से घरों में नियमित बिजली मिलेगी और पर्यावरण को भी फायदा होगा। योजना को लागू करने के लिए प्रखंड स्तर पर सर्वे किया जा रहा है। इसमें “जीविका दीदियों” की मदद ली जा रही है, जो घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं और उनकी सहमति ले रही हैं।
पहले चरण में पांच पंचायत शामिल
पहले चरण में बरदाहां, खोरागाछ, मुरारीपुर, बोकांतरी और आमगाछी पंचायतों को चुना गया है। यहां बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता देकर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। हालांकि योजना का मुख्य फोकस बीपीएल परिवार हैं, लेकिन एपीएल परिवारों को भी सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जल्द शुरू होगा काम
जैसे ही लाभुकों से सहमति मिल जाएगी, उनके घरों पर सोलर पैनल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे गांवों में बिजली की स्थिति में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

