Garhwa : गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के अकलवानी स्थित एमजीसीपीएल कंपनी के कैंप में बीती रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे मजदूरों और स्टाफ के रहने वाले सीट (शेड) में अचानक आग लग गई। उस समय कैंप में खाना बनाने का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
तीन से चार ब्लॉक जलकर राख
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कैंप के तीन से चार ब्लॉक इसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद मजदूर और स्टाफ अपना सामान छोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे। मजदूरों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। बाद में सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
मजदूरों का सारा सामान जला
मजदूरों के अनुसार, उनके कपड़े, नकद पैसे, मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य जरूरी कागजात आग में जलकर राख हो गए। कई लोगों के पास पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। आग बुझाने के दौरान नेपाल साहु और महादेव शाह समेत कुछ लोग झुलस गए। उन्हें मेराल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस और कंपनी अधिकारियों ने की जांच
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विष्णु कांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कंपनी के सीनियर सेफ्टी ऑफिसर ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है।

