Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। राजधानी रांची में सुबह से ही इसका असर देखने को मिला, जहां तेज हवा और बादलों के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
कई जिलों में बारिश के आसार
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के जिलों में मौसम बदला हुआ रहेगा। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार सहित उत्तर-पश्चिमी इलाकों में भी बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा।
येलो अलर्ट जारी, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि कुछ जगहों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जबकि अन्य इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले कुछ दिनों तक राहत के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 29 अप्रैल से 1 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 2 और 3 मई को भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। इस बदलाव से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

