Weather Update: उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक के बाद एक कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकते हैं, जिससे गर्मी का यह सिलसिला टूट सकता है। कई इलाकों में तापमान गिरने, धूल भरी आंधी चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।
क्या होता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस
वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक मौसमी सिस्टम है, जो भूमध्यसागरीय क्षेत्र (Mediterranean Region) में बनता है और फिर पूर्व की ओर बढ़ता है। इसकी वजह से उत्तर भारत के कई हिस्सों में नमी बढ़ती है और मौसम में अस्थिरता आती है। यही कारण है कि यह सिस्टम गर्मी को कम करने और बारिश लाने में अहम भूमिका निभाता है।
27 अप्रैल से बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 27 अप्रैल की शाम से कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश शुरू हो सकती है। IMD के अनुसार, 28 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई उत्तरी राज्यों में बड़े स्तर पर धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा कई जगहों पर बादल छाए रहने की भी संभावना है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
29 अप्रैल से तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 अप्रैल से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ सकता है। इससे लोगों को गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ते तापमान में गिरावट आने से दिन और रात दोनों में मौसम थोड़ा सुहाना हो सकता है।
बारिश राहत भी देगी, परेशानी भी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश जहां गर्मी से राहत देगी, वहीं धूल भरी आंधियां कुछ परेशानियां भी खड़ी कर सकती हैं। तेज हवाओं की वजह से विजिबिलिटी कम हो सकती है, ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है और कई जगहों पर नुकसान भी हो सकता है। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अगर पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो लोगों को लू से फिलहाल अस्थायी राहत जरूर मिल सकती है।

