Indian Premier League: IPL 2026 के 35वें मुकाबले में शनिवार को Delhi Capitals और Punjab Kings के बीच ऐसा मैच खेला गया, जिसने इतिहास बना दिया। नई दिल्ली के Arun Jaitley Stadium में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए, लेकिन पंजाब ने इस विशाल लक्ष्य को भी एक ओवर बाकी रहते 6 विकेट से हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया।
केएल राहुल ने खेली तूफानी 152 रन की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत KL Rahul और पथुम निसांका ने की। हालांकि निसांका एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने पारी को पूरी तरह संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बारिश कर दी। केएल राहुल ने सिर्फ 47 गेंदों में शतक पूरा किया। राहुल और नीतीश राणा के बीच 95 गेंदों में 220 रन की शानदार साझेदारी हुई।
नीतीश राणा ने भी खेली शानदार पारी
Nitish Rana ने 44 गेंदों में 91 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं केएल राहुल अंत तक टिके रहे और 67 गेंदों में नाबाद 152 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी इस शानदार पारी के दम पर दिल्ली ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पंजाब की शुरुआत रही विस्फोटक
265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्य और Prabhsimran Singh ने पावरप्ले में ही दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। 7वें ओवर में जब प्रियांश आउट हुए, तब तक पंजाब का स्कोर 126 रन पहुंच चुका था। उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में 43 रन बनाए। दूसरी ओर प्रभसिमरन सिंह ने और भी ज्यादा तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 26 गेंदों में 76 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
नेहाल वढेरा और श्रेयस अय्यर ने दिलाई जीत
शुरुआती झटकों के बाद Shreyas Iyer और नेहाल वढेरा ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 56 रन की अहम साझेदारी हुई। नेहाल वढेरा ने 15 गेंदों में 25 रन बनाए। इसके बाद पंजाब ने मैच पर पकड़ बनाए रखी और एक ओवर बाकी रहते मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
दिल्ली की फॉर्म पर फिर उठे सवाल
दिल्ली यह मुकाबला अपने घरेलू मैदान पर खेल रही थी और टीम को बड़ी जीत की उम्मीद थी, लेकिन 264 रन बनाकर भी हार जाना टीम के लिए बड़ा झटका है। सीजन की शुरुआत दो जीत से करने वाली दिल्ली ने पिछले चार में से तीन मुकाबले गंवा दिए हैं और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर खिसक गई है। दिल्ली की बल्लेबाजी में निरंतरता अब भी बड़ी समस्या बनी हुई है। हालांकि केएल राहुल ने शानदार फॉर्म दिखाई, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से लगातार योगदान नहीं मिल रहा।
पंजाब की टीम टॉप फॉर्म में
दूसरी ओर पंजाब किंग्स शानदार लय में नजर आ रही है। 6 मैचों में 11 अंकों के साथ टीम टॉप पर बनी हुई है। Arshdeep Singh की गेंदबाजी में वापसी और Shashank Singh जैसे खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन टीम को और मजबूत बना रहा है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड बराबरी पर
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच मुकाबला अब भी बराबरी पर है। दिल्ली और पंजाब अब तक 34 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 17-17 मैच जीते हैं। दिल्ली में भी दोनों का रिकॉर्ड 6-6 की बराबरी पर है।

