Ranchi : वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और संभावित आपूर्ति संकट को देखते हुए झारखंड पुलिस ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (रेल सहित) को पेट्रोल, डीजल और LPG गैस की जमाखोरी तथा कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सभी जिलों को जारी किया गया पत्र
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) की ओर से इस संबंध में सभी जिलों को पत्र भेजा गया है। यह पत्र 13 मार्च को जारी किया गया था। इसमें कहा गया है कि विभिन्न देशों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण कानून-व्यवस्था से जुड़ी संभावित समस्याओं पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऐसी परिस्थितियों में लोगों के बीच पेट्रोल, डीजल और LPG को लेकर भय का माहौल बन सकता है, जिससे अनावश्यक जमाखोरी या अफवाह फैलने की संभावना रहती है।
अफवाह फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे भ्रामक समाचार और अफवाहों पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख शहरों को विशेष निर्देश
पुलिस मुख्यालय की ओर से रांची, जमशेदपुर और धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन शहरों में ईंधन और गैस की आपूर्ति तथा बाजार की स्थिति पर खास निगरानी रखने को कहा गया है। इसके अलावा सभी जिला पुलिस अधिकारियों को जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कदम उठाने के लिए भी कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अफवाह से स्थिति बिगड़ने न पाए।

