RPF Busts Railway Cable Theft Racket: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सक्रिय चोरी गिरोह (Theft Gang) का पर्दाफाश किया है।
RPF कमांडेंट पवन कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक 16 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया गया।
मामला 16 मार्च से शुरू हुआ, जब रांची स्थित पीआरएस कार्यालय ने सूचना दी कि 15 और 16 मार्च की रात पीआरएस भवन की खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। इस पर आरपीएफ पोस्ट रांची ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गुप्त सूचना और तकनीकी सेल की मदद से 17 मार्च को निरीक्षक रांची के नेतृत्व में RPF पोस्ट और अपराध शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने उत्तर रेलवे कॉलोनी में एक Railway Quarter की घेराबंदी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को रेलवे के विद्युत केबल काटते और इंसुलेशन हटाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मौके से चोरी की गई केबल और उपकरण भी बरामद किए गए।
आरोपी रांची के चुटिया क्षेत्र के निवासी
पकड़े गए आरोपियों में साहिल कच्छप (21), कृष्णा मुंडा (21), अनुज टोप्पो (24) और लव मुंडा (24) शामिल हैं। इसके अलावा एक 16 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
RPF की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने PRS भवन में चोरी की कोशिश की थी और साथ ही रेलवे पंप हाउस का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में केबल की चोरी भी की थी।

