Ranchi : राजधानी रांची में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मांडर थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो बाहर से हथियार मंगाकर अपराधियों तक सप्लाई करते थे।
मैक्लुस्कीगंज में गिरफ्तारी के बाद खुला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मैक्लुस्कीगंज इलाके से पकड़े गए हथियार तस्करों की निशानदेही पर की गई। इससे पहले मंगलवार को दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
मास्टरमाइंड अभिषेक शर्मा
रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड अभिषेक शर्मा है। वह बिहार से अवैध पिस्टल लाकर रांची में सप्लाई करता था। पूछताछ में पता चला है कि एक पिस्टल करीब 35 हजार रुपये में बेची जाती थी।
बरामद हुए हथियार और कारतूस
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मांडर निवासी विशाल सिंह, चान्हो निवासी अभिषेक शर्मा और मांडर निवासी करण गोप शामिल हैं।
Also Read : पलामू में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम की मौत

