CBSE Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और results.cbse.nic.in के अलावा DigiLocker और UMANG मोबाइल ऐप पर भी देख सकते हैं।
इस साल कुल 93.70% छात्र परीक्षा में सफल हुए हैं। बोर्ड के अनुसार, लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। जहां 94.99% लड़कियां पास हुईं, वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 92.69% रहा। Transgender छात्रों का पास प्रतिशत 87.50% दर्ज किया गया है।
CBSE कक्षा 10 की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 25 लाख छात्र शामिल हुए थे।
इन तरीकों से देखें रिजल्ट
छात्र CBSE की वेबसाइट, UMANG ऐप, DigiLocker, SMS और IVRS के जरिए अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर, Admit Card ID, जन्म तिथि और सिक्योरिटी पिन की जरूरत होगी।
ऐसे करें चेक
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट, UMANG ऐप या DigiLocker पर जाएं।
फिर “CBSE 10वीं रिजल्ट 2026” के लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद जरूरी जानकारी भरें और सबमिट करें।
स्क्रीन पर आपका रिजल्ट दिखाई देगा।
शिक्षा मंत्री ने दी बधाई
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सफल छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह छात्रों की मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एक परीक्षा किसी की पूरी क्षमता तय नहीं करती।
पास होने के लिए जरूरी अंक
परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को कुल मिलाकर कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है।
दूसरी परीक्षा का मिलेगा मौका
CBSE ने नई नीति के तहत कक्षा 10 के छात्रों को दो बोर्ड परीक्षा का विकल्प दिया है। जो छात्र अपने अंक सुधारना चाहते हैं, वे दूसरी परीक्षा (Session 2) में शामिल हो सकते हैं। इसमें अधिकतम तीन विषयों में सुधार का मौका मिलेगा।

