Giridih : गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के तुलाडीह गांव में बीती देर रात भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलकर कुछ ही मिनटों में सात घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। कई परिवारों के पास अब पहनने तक के कपड़े नहीं बचे हैं।
ग्रामीणों ने किया बचाव प्रयास
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने जोखिम उठाकर गैस सिलेंडर बाहर निकाले, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि स्थानीय प्रयास नाकाफी साबित हुए। ग्रामीणों ने दमकल के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर आती, तो नुकसान कम हो सकता था।
सात परिवारों पर टूटा संकट
इस घटना में सात परिवार पूरी तरह बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। महिलाओं और बच्चों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और मदद का आश्वासन दिया। प्रभावित परिवारों ने राहत सामग्री, अस्थायी आवास और मुआवजे की मांग की है।

