US and Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने के ऐलान के बीच ईरान की ओर से कड़ी चेतावनी सामने आई है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी IRGC ने अमेरिका और इजरायल को सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा है कि किसी भी हमले की स्थिति में पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।
ईरान की सेना ने जारी की कड़ी चेतावनी
ईरान के सरकारी टीवी पर IRGC के केंद्रीय मुख्यालय खातम अल अनबिया के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागरी का बयान पढ़ा गया। इस दौरान उनका ऑडियो और फाइल वीडियो भी प्रसारित किया गया। जोल्फागरी ने कहा कि अगर इस्लामी ईरान के खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई की जाती है, तो ईरानी सशस्त्र बल पहले से तय लक्ष्यों पर तुरंत हमला करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल को पहले से ज्यादा कड़ा जवाब दिया जाएगा।
अमेरिका और इजरायल को दी सीधी धमकी
ईरानी सेना ने कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल ईरान पर हमला करते हैं तो उनके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। जोल्फागरी के बयान में कहा गया कि ईरानी सेना अमेरिका और इजरायल को पहले से भी ज्यादा कड़ा सबक सिखाएगी। साथ ही इजरायल को बच्चों का हत्यारा बताते हुए उस पर तीखा हमला बोला गया।
ट्रंप ने अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया सीजफायर
ईरान की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने मंगलवार देर रात कहा कि पाकिस्तान के अनुरोध पर अमेरिका ईरान के साथ सीजफायर बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान की ओर से एक संयुक्त प्रस्ताव का इंतजार कर रहा है।
वार्ता पर अभी भी अनिश्चितता
सीजफायर खत्म होने से पहले अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की कोशिशें जारी थीं। लेकिन हालात अभी भी अनिश्चित बने हुए हैं। व्हाइट हाउस ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा भी स्थगित कर दी है। बताया जा रहा है कि ईरान ने फिलहाल आगे की वार्ता से इनकार कर दिया है।
पाकिस्तान ने भी दी जानकारी
पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने कहा कि ईरान ने अभी तक औपचारिक रूप से वार्ता में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में एक तरफ सीजफायर बढ़ा दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ ईरान की कड़ी चेतावनी से तनाव कम होने की बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है।

