गर्मी का कहर, कई शहरों में पारा 45 डिग्री पार, महाराष्ट्र में 7 मौतें, देशभर में हीटवेव का अलर्ट

Heat Wave Alert: देशभर में गर्मी अब कहर बरपाने लगी है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि एसी और कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के चलते 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 31 लोग बीमार बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने हालात को देखते हुए हीट एक्शन प्लान लागू कर दिया है।

महाराष्ट्र में गर्मी से 7 मौतें, कई लोग बीमार

महाराष्ट्र के विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। भीषण गर्मी और लू के चलते कई लोगों की तबीयत बिगड़ रही है।

  • वाशिम जिले के डोंगरकीन्ही गांव में 25 वर्षीय गोपाल ठाकरे खेत में काम करते समय लू लगने से गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
  • लातूर में 60 वर्षीय किसान लक्ष्मण भंडारे खेत में काम करते समय चक्कर आने से गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
  • अहिल्यानगर जिले में 45 वर्षीय महिला किसान हर्षदा चौधरी की खेत में काम करते समय लू लगने से मौत हो गई। इसी जिले में एक अन्य किसान की भी जान चली गई।
  • अकोला में एक ऑटो चालक अपने वाहन में मृत मिला। प्राथमिक जांच में लू लगने की आशंका जताई गई है।
  • जलगांव में 38 वर्षीय जितेंद्र पाटिल की काम करते समय तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
  • सोलापुर में 67 वर्षीय किसान की खेत में काम करते समय घबराहट और पसीना आने के बाद मौत हो गई।

15 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

महाराष्ट्र के करीब 15 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अकोला देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है, जहां तापमान 45 डिग्री पार कर गया है। अमरावती में तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। नागपुर, जलगांव और परभणी में तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहा। मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भी उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

स्कूलों का समय बदला, अस्पतालों में स्पेशल वॉर्ड

भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अमरावती में 21 से 30 अप्रैल तक स्कूल और आंगनवाड़ी सुबह 7 से 10 बजे तक ही खुलेंगे। नागपुर में स्कूल सुबह 10:30 बजे तक चलेंगे। अकोला में कोचिंग क्लास और कॉलेज 11 बजे के बाद बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अकोला जिला अस्पताल में 14 बेड का स्पेशल हीटस्ट्रोक वार्ड तैयार किया गया है। जलगांव और परभणी में भी विशेष वार्ड बनाए गए हैं।

देश के कई राज्यों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में हीटवेव की संभावना है। दिल्ली में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार से शुक्रवार तक लू चलने की संभावना है।

राजस्थान में भी बढ़ेगा तापमान

राजस्थान में भी गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 अप्रैल से गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर और धौलपुर में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

सरकार से मुआवजे की मांग

पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हीटस्ट्रोक को प्राकृतिक आपदा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है।

बढ़ती गर्मी ने बढ़ाई चिंता

देशभर में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Hot this week

जमशेदपुर में 227 किलो का बम निष्क्रिय, सेना के ऑपरेशन से टला बड़ा खतरा

Jamshedpur : जमशेदपुर के बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र...

Topics

जमशेदपुर में 227 किलो का बम निष्क्रिय, सेना के ऑपरेशन से टला बड़ा खतरा

Jamshedpur : जमशेदपुर के बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img