Jamshedpur murder case: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक लोको Pilot की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी जीके गौतम के रूप में हुई है। घटना देर रात की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जीके गौतम रेलवे में लोको पायलट थे और रविवार रात मालगाड़ी लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। Station से निकलकर वह संयुक्त चालक-परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लॉबी के बाहर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर दो गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पड़े गौतम को देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए TMH अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है। मामले की जांच कर रहे सिटी SP ललित मीणा ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर दो की संख्या में थे।
पुलिस इस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी सामने आया है कि मृतक जमीन कारोबार से जुड़ा हो सकता है, जिस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और Police ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।

