Ranchi : झारखंड में पिछले 10 दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बारिश और उमस के कारण कुछ जिलों में लोगों को गर्मी से भी परेशानी हो सकती है। खासकर धनबाद और जमशेदपुर में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि आंधी, तूफान और वज्रपात के दौरान खेतों में काम करने से बचें। वहीं आम लोगों से भी खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की गई है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान देने को कहा गया है।
राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और धनबाद में 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। डाल्टनगंज और मेदिनीनगर में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। देवघर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और मैक्लूसकीगंज में 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

