India Telecom Sector : देश का दूरसंचार क्षेत्र नीतिगत सुधारों और नई तकनीकों के दम पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बात संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने COAI DigiCom Summit 2026 के उद्घाटन के दौरान कही।
“भारत का तकनीकी विकास: डिजिटल भविष्य को गति देना” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में नीति निर्माता, दूरसंचार कंपनियां और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। मंत्री ने कहा कि 5G के तेजी से विस्तार के साथ अब देश 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी नई तकनीकों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने दूरसंचार क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं। दूरसंचार अधिनियम 2023 को 140 साल में पहली बार बड़ा बदलाव बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को बेहतर सुरक्षा और नई तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि 2021 के सुधार पैकेज से कंपनियों को आर्थिक मजबूती मिली है। साथ ही, “गति शक्ति संचार पोर्टल” और राष्ट्रीय आवृत्ति आवंटन योजना 2025 जैसे कदमों से कामकाज आसान हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में Connectivity बढ़ाने के लिए भारतनेट को दुनिया का सबसे बड़ा Broadband Program बताया गया, जिसका लक्ष्य लाखों गांवों को जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि देश में 5G का विस्तार तेजी से हुआ है। करीब 22 महीनों में 5 लाख से ज्यादा Base Station लगाए गए और 40 करोड़ से अधिक यूजर्स इससे जुड़ चुके हैं। वहीं, कुल दूरसंचार उपभोक्ताओं की संख्या 1.22 अरब से ज्यादा हो गई है।
मंत्री ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में विदेशी निवेश बढ़ रहा है और उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (PLI) योजना से बड़े पैमाने पर बिक्री और निर्यात हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि भारत में Research और development पर खर्च अभी कम है और इसे बढ़ाने की जरूरत है।
डिजिटल सुरक्षा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी कॉल और धोखाधड़ी रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिससे हजारों करोड़ रुपये के नुकसान को रोका गया है।
कार्यक्रम में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि भारत ने सस्ती दरों पर बेहतर Connectivity दी है, जो दुनिया में मिसाल है। वहीं, उद्योग के प्रतिनिधियों ने भी माना कि भविष्य में मजबूत नेटवर्क, नीति स्थिरता और नई तकनीकों पर ध्यान देना जरूरी होगा।
विशेषज्ञों ने कहा कि आने वाले समय में AI, 5G और क्लाउड तकनीक digital बदलाव को और तेज करेंगी और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।

