News Wrap : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) समेत कई बैंकों के कर्मचारी 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं। ग्राहकों को पहले से जरूरी बैंकिंग काम निपटाने की सलाह दी गई है। दरअसल, 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार है। इसके बाद 25 और 26 मई को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। वहीं 27 मई को बकरीद की छुट्टी होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इस तरह लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फेडरेशन ने बैंक प्रबंधन पर कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हड़ताल का फैसला लिया है। फेडरेशन के महासचिव एल चंद्रशेखर ने कहा कि कई दौर की बातचीत के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को होने वाली परेशानी के लिए खेद है, लेकिन कर्मचारियों के अधिकारों के लिए यह कदम जरूरी है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में सुधार, नई बहाली, वेतन विसंगति दूर करना, आउटसोर्सिंग का विरोध, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और एचआरएमएस की खामियों को दूर करना शामिल है। इसके अलावा क्रॉस सेलिंग के नाम पर गलत तरीके से उत्पाद बेचने की प्रक्रिया बंद करने की भी मांग की गई है। हड़ताल के कारण नकद निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

