Godda : गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोला है। देवघर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में अपराधियों को संरक्षण दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सांसद ने दावा किया कि अपराधियों को जेल भेजा जाएगा और भागने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर निशिकांत दुबे ने कहा कि भाजपा को किसी भी कानूनी प्रक्रिया या अंतरराष्ट्रीय मंच से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर संविधान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। सांसद ने बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2009 से इस विषय को लगातार उठा रहे हैं। उनका दावा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद झारखंड में भी घुसपैठ पर नियंत्रण किया जा सकेगा।
उन्होंने संथाल क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां आदिवासी आबादी घट रही है, जबकि मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। इस स्थिति पर रोक लगाने की जरूरत है। निशिकांत दुबे ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के चारों तरफ एनडीए की सरकार बनने के बाद अब राज्य सरकार को भी केंद्र के साथ मिलकर घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार सहयोग नहीं करती है तो भाजपा खुद घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाएगी।

