Jharkhand Smart meter: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसके तहत जमशेदपुर सहित राज्यभर में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चलाया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिजली बिल उपलब्ध कराना और मैन्युअल मीटर रीडिंग में होने वाली गलतियों को खत्म करना है।
विद्युत महाप्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि Smart meter एक डिजिटल उपकरण है, जो बिजली खपत का डेटा स्वतः रिकॉर्ड कर सर्वर पर भेज देता है। इससे उपभोक्ताओं को हर महीने सटीक बिल मोबाइल, व्हाट्सएप और विभागीय ऐप के माध्यम से मिल जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अब अपनी बिजली खपत को रीयल टाइम में देख सकेंगे और यह समझ पाएंगे कि कौन सा उपकरण कितनी बिजली खर्च कर रहा है। इससे बिजली की बचत और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन संभव होगा।
अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार के अनुसार, यह स्मार्ट मीटर पोस्टपेड और Prepaid दोनों मोड में काम करता है। Prepaid Mode Mobile Recharge की तरह होगा, जिसमें पहले बैलेंस रिचार्ज कर बिजली का उपयोग किया जाएगा।
विभाग ने यह भी घोषणा की है कि Prepaid meter अपनाने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल में करीब 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जिससे उन्हें सीधी आर्थिक राहत मिलेगी।
इसके अलावा इस मीटर में Net metering की सुविधा भी मौजूद है। यदि उपभोक्ता भविष्य में सोलर सिस्टम लगाते हैं, तो उन्हें अलग मीटर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
बिजली बैलेंस कम होने या बिल भुगतान की सूचना SMS और Whatsapp के जरिए दी जाएगी। किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 और 1800-345-6570 पर संपर्क कर सकते हैं।
