Khunti : खूंटी जिले में एक बार फिर उग्रवादियों की गतिविधि सामने आई है। बीती देर रात कर्रा क्षेत्र में हथियारबंद उग्रवादियों ने निर्माण कार्य में लगी मशीन को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी। साथ ही कई राउंड फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि आग लगने से मशीन पूरी तरह नहीं जल सकी, लेकिन घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया है।
मौके से मिला पर्चा
घटनास्थल से पीएलएफआई (PLFI) संगठन के नाम का एक पर्चा बरामद हुआ है। इसमें संगठन के सदस्य अमृत होरो ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में कहा गया है कि बिना बातचीत के काम कराए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। पर्चे में यह भी चेतावनी दी गई है कि जब तक संगठन के साथ बातचीत नहीं होगी, तब तक निर्माण कार्य बंद रहेगा। इस धमकी के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है।

रेलवे ठेकेदार का प्लांट बना निशाना
यह घटना धुर्वा-कर्रा रोड स्थित कुलहुट्टू इलाके में रेलवे ठेकेदार के प्लांट में हुई। उग्रवादियों ने इसी प्लांट को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

