New Delhi : निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और डेटा तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों और विभिन्न राज्यों के उपचुनावों से जुड़ी इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी कर दी है। चुनाव आयोग ने बताया कि सभी रिपोर्ट ECINET प्लेटफॉर्म पर अपलोड की गई हैं। यह आयोग का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां चुनाव से जुड़ी सभी सेवाएं और जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराई जाती हैं। आयोग के अनुसार, चुनाव वाले सभी 830 विधानसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट यहां प्रकाशित की गई है।
फाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान
आयोग ने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा बाकी सभी सीटों के इंडेक्स कार्ड और रिपोर्ट जारी कर दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चुनाव परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के भीतर इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी करना एक रिकॉर्ड है। पहले यह प्रक्रिया पूरी होने में कई हफ्ते या महीनों का समय लग जाता था, क्योंकि डेटा को मैन्युअल तरीके से तैयार किया जाता था।
इंडेक्स कार्ड में क्या-क्या जानकारी
इंडेक्स कार्ड में उम्मीदवारों की जानकारी, मतदाताओं की संख्या, पड़े वोट, गिने गए वोट, पार्टीवार वोट शेयर और उम्मीदवारवार परिणाम जैसी कई अहम जानकारियां शामिल हैं। आयोग ने कहा कि यह जानकारी ECINET ऐप और निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। चुनाव आयोग ने आम चुनावों के लिए 14 अलग-अलग प्रकार की सांख्यिकीय रिपोर्ट भी प्रकाशित की हैं। इनमें वोटर टर्नआउट, मतदान केंद्रों की संख्या, महिला और पुरुष मतदान प्रतिशत, पार्टीवार वोट शेयर और विधानसभा क्षेत्रवार विस्तृत परिणाम जैसी जानकारी दी गई है।
शोधकर्ताओं और आम लोगों को होगा फायदा
आयोग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य चुनावी डेटा को अधिक पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाना है। इससे शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और आम नागरिकों को चुनावी आंकड़ों को समझने और अध्ययन करने में आसानी होगी।

