Ranchi : झारखंड में उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले धांधली की आशंका पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची पुलिस ने छापेमारी कर 159 अभ्यर्थियों और 5 कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। सभी को पूछताछ के बाद रांची सिविल कोर्ट में पेश किया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रडगांव में एक अर्धनिर्मित भवन के पास संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी की, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और दलाल मौजूद मिले। मौके से चार सेट प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजियां भी बरामद की गईं।
पेपर लीक की पुष्टि नहीं
जांच के बाद चयन आयोग ने स्पष्ट किया कि प्रश्न पत्र लीक होने का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। बरामद कागजात का मिलान करने पर बहुत कम सवाल ही आंशिक रूप से मेल खाए। आयोग के अनुसार, यह अभ्यर्थियों को ठगने की साजिश थी।
159 अभ्यर्थी ब्लैकलिस्ट
चयन आयोग ने इस मामले में सख्त फैसला लेते हुए 159 अभ्यर्थियों को भविष्य की सभी परीक्षाओं से ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
गिरफ्तार अभ्यर्थी कोर्ट में पेश
पुलिस ने सभी गिरफ्तार लोगों को कोर्ट में पेश किया है। इनमें अभ्यर्थियों के साथ-साथ उन्हें सेटिंग का भरोसा दिलाने वाले दलाल भी शामिल हैं।

