New Delhi: साउथ दिल्ली की पॉश अमर कॉलोनी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी की मौत गला दबाने से हुई। साथ ही शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जो इस बात का संकेत देते हैं कि पीड़िता ने हमले के दौरान काफी संघर्ष किया था। एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के अनुसार, शरीर के बाहरी परीक्षण में हाथ, पैर और अन्य हिस्सों पर कई खरोंच और चोटें पाई गईं। चेहरे पर भी घाव थे और नाक की हड्डी टूटी हुई मिली, जिससे भारी चीज से हमले की आशंका जताई जा रही है।
गर्दन की चोटों से साफ—गला दबाकर की गई हत्या
जांच के दौरान गर्दन की अंदरूनी मांसपेशियों में खून जमा मिला और थायरॉयड कार्टिलेज में फ्रैक्चर पाया गया। इन सभी तथ्यों से साफ है कि हत्या गला दबाकर की गई। फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा, नाखून, खून समेत कई अहम सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं। अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
घर की जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
इस मामले में आरोपी राहुल मीणा को पुलिस ने घटना के कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया था। वह पहले पीड़िता के घर में काम कर चुका था और उसे घर के हर कोने की जानकारी थी। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन वह सुबह करीब साढ़े 6 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ और अतिरिक्त चाबी से घर में घुस गया। इसके बाद वह सीधे स्टडी रूम में पहुंचा, जहां पीड़िता पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि उसने पहले हमला किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
लूट की कोशिश के बाद फरार हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने लॉकर खोलने की कोशिश की। जब वह सफल नहीं हुआ तो उसने उसे तोड़कर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह करीब 7:20 बजे कॉलोनी से निकलता हुआ दिखाई दिया।
ऑनलाइन जुए की लत बनी अपराध की वजह
जांच में आरोपी की पृष्ठभूमि से जुड़ा एक अहम पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसे मोबाइल पर जुआ खेलने की गंभीर लत थी। इसी लत के चलते वह लाखों रुपये हार चुका था और कर्ज में डूब गया था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छा था, लेकिन बाद में ऑनलाइन गेम्स में पैसे लगाने लगा और धीरे-धीरे जुए का आदी हो गया। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में उसने चोरी की योजना बनाई, जो इस खौफनाक वारदात में बदल गई।
अदालत ने 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
दिल्ली की साकेत अदालत ने आरोपी राहुल मीणा को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस अब उसे क्राइम सीन पर ले जाकर पूरी घटना को दोहराने की तैयारी कर रही है और आगे की जांच के लिए उसे अलवर भी ले जाया जा सकता है। परिवार का कहना है कि उन्हें विश्वास नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा सकता है। उन्होंने साफ कहा कि अगर वह दोषी साबित होता है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।

