Ghatshila : जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पानीपड़ा नागुड़साई गांव के पास नदी किनारे पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों को एक भारी धातु जैसी वस्तु दिखाई दे रही थी। शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मामला गंभीर मानते हुए सेना की टीम को बुलाया गया। सेना के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि यह करीब 227 किलोग्राम का जिंदा बम हो सकता है और इसमें अभी भी विस्फोट की आशंका बनी हुई है। फिलहाल बम के प्रकार, स्थिति और उसकी क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत दें। गौरतलब है कि इससे पहले भी 17 मार्च को इसी इलाके में दो बम मिले थे, जिन्हें सेना की टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया था। लगातार इस तरह की घटनाओं से इलाके में चिंता बढ़ गई है।

