Udhampur (Jammu and Kashmir) : जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक यात्री बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 10 बजे रामनगर क्षेत्र के कागोर्ट गांव के पास हुआ, जब बस पहाड़ी रास्ते के एक मोड़ से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस दूरदराज के एक गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से खाई में जा गिरी।
#WATCH | Udhampur, Jammu and Kashmir: A bus met with an accident in the village Kanote, Udhampur.
10 people have died, and a rescue operation is underway. The injured have been shifted to the government hospital in Udhampur: J&K Police pic.twitter.com/iqEcoxg2F6
— ANI (@ANI) April 20, 2026
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी लेते हुए उधमपुर के उपायुक्त से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रशासन और बचाव टीमों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

