Pakur : पाकुड़ जिले में रसोई गैस को लेकर अफवाहों ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन अब प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। भारत गैस और इंडेन गैस की एजेंसियां नियमित रूप से सिलेंडर लोगों के घर-घर तक पहुंचा रही हैं।
शहर और गांव, दोनों जगह गैस सप्लाई सामान्य
शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। एजेंसी के कर्मियों का कहना है कि अब सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं। इसलिए लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा करने की कोई जरूरत नहीं है।
अफवाहों ने बढ़ाई चिंता
दरअसल अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच संभावित तनाव की खबरें सामने आने के बाद कई जगहों पर रसोई गैस की कमी की अफवाह फैल गई थी। लोग डर के मारे एक साथ ज्यादा सिलेंडर लेने लगे, जिससे थोड़ी धड़कन बढ़ गई थी। लेकिन प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पाकुड़ में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
बुकिंग में देरी, लेकिन आपूर्ति सामान्य
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि कुछ जगहों पर सर्वर डाउन होने की वजह से गैस बुकिंग में थोड़ी देरी हो रही है। तकनीकी समस्या जल्दी ही ठीक कर दी जाएगी। उनका कहना है कि आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी और लोगों को परेशानी नहीं होगी।
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
डीसी मनीष कुमार ने साफ कर दिया कि अगर कहीं भी गैस की कालाबाजारी या आपूर्ति में अनियमितता की शिकायत आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Also Read : रात के सन्नाटे में सड़कों पर उतरे एसएसपी, औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

