Chaibasa Encounter : कोल्हान क्षेत्र के जंगलों में एक बार फिर सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे टोंटो थाना (Tonto Police station) क्षेत्र के रूटागुटू जंगल में हुई इस कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया। उसकी पहचान इजराइल पूर्ति के रूप में हुई है। घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि माओवादी (Maoist) इस इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद कोबरा 209 बटालियन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही जवान जंगल में आगे बढ़े, घात लगाए माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में सुरक्षा बलों ने भी गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से इस इलाके में Search Operation चलाया जा रहा था। जवानों की गतिविधि की जानकारी माओवादियों को पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद वे जंगल में छिपकर हमला करने की तैयारी में थे।
हाल ही में गोइलकेरा क्षेत्र में पूर्व माओवादी रमेश चांपिया की हत्या के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं। इस घटना के बाद इलाके में माओवादियों की सक्रियता बढ़ने की सूचना मिल रही थी। बताया जा रहा है कि माओवादी अब छोटे-छोटे समूह में काम कर रहे हैं और छापामार रणनीति अपना रहे हैं।
मुठभेड़ के बाद पूरे कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और Drone के जरिए जंगलों की निगरानी की जा रही है। साथ ही, माओवादियों के भागने के रास्तों को भी सील कर दिया गया है।

