Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव के आवास को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई केरेडारी प्रखंड के जोरदाग क्षेत्र में की गई, जहां चट्टी बरियातु कोल परियोजना के विस्तार का काम चल रहा है।
प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर मकान को गिराया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह जमीन परियोजना क्षेत्र में आती है और भवन हटाने की प्रक्रिया पहले से तय थी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में रखा।
चट्टी बरियातु कोल माइंस के अधिकारी नील माधव स्वाइन ने बताया कि मकान और अन्य संरचनाओं का मुआवजा पहले ही सरकारी कोष में जमा कराया जा चुका है। उनका कहना है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही की गई। वहीं, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घर तोड़ने से पहले किसी तरह की सूचना नहीं दी गई और कंपनी मनमानी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर वे फिर से अदालत का रुख करेंगी।

