Chhattisgarh : राज्य में मंगलवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ। वेदांता के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें 16 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि प्लांट परिसर में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बॉयलर फेल होने से हुआ विस्फोट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा बॉयलर फेल होने के कारण हुआ। विस्फोट से प्लांट के अंदर बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। घटना के बाद सभी जख्मियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए हैं। जिले के कलेक्टर और एसपी ने घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
कंपनी का बयान आया सामने
वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने कहा कि 14 अप्रैल को प्लांट के एक बॉयलर यूनिट में यह घटना हुई। इस यूनिट का संचालन सब-कॉन्ट्रैक्टर कंपनी NGSL द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि जख्मियों को हर संभव मदद दी जा रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जख्मियों के नाम सामने आए
जख्मियों में कई मजदूर जिंदल फोर्टिस और बालाजी मेट्रो अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें मानस गिरी, कार्तिक महतो, ब्रजेश कुमार, केशव चंद्रा, भुवनेश्वर चंद्रा, अभिषेक चंद्रा, नदीम अंसारी, मिलन वारे, संदीप, शिवनाथ मुरमु, बनवाली लाल बरेठ, उपेन्द्र और परदेशी लाल चंद्रा शामिल हैं।

