Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ आज यानी गुरुवार को भी जारी रही। इस दौरान नक्सलियों ने IED विस्फोट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया, जिसमें एक जवान जख्मी हो गया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में IED ब्लास्ट हुआ। इस विस्फोट में CRPF की कोबरा बटालियन के जवान अभिनव कुमार जख्मी हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है।
एसपी ने की पुष्टि
चाईबासा के एसपी अमित रेनू ने बताया कि अभियान के दौरान ही यह ब्लास्ट हुआ, जिसमें जवान जख्मी हुए हैं। फिलहाल उनका इलाज कराया जा रहा है। मालूम हो कि बुधवार सुबह से ही इस इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
अब तक 6 जवान जख्मी
इस मुठभेड़ में अब तक कुल छह जवान जख्मी हो चुके हैं। बुधवार को चार जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था, जबकि गुरुवार को एक और घायल जवान को लाया जा रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है और नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
Also Read : हजारीबाग के सरकारी स्कूल में प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप, छात्राओं ने दर्ज कराई शिकायत

