Ranchi : झारखंड में आज मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा।
लू को लेकर चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है। खासकर बोकारो और धनबाद में गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रांची में 39 डिग्री के आसपास तापमान
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 39°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप के कारण उमस और गर्मी बनी रहेगी। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है।
पलामू सबसे गर्म, पारा 43.9°C
बीते 24 घंटों में पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.9°C दर्ज किया गया। इसके अलावा बोकारो-थर्मल में 43.1°C, सरायकेला में 41.9°C, जमशेदपुर में 41.6°C और चाईबासा में 41.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कई जिलों में 44°C तक पहुंच सकता है पारा
पूर्वानुमान के मुताबिक गढ़वा, चतरा और पलामू में तापमान 44°C तक पहुंच सकता है। वहीं कोडरमा में 43°C और सिंहभूम क्षेत्र में 42–44°C के बीच तापमान रहने की संभावना है। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में अधिकतम तापमान 39 से 43°C के बीच रह सकता है, जबकि देवघर, दुमका, गिरिडीह और जामताड़ा में 40 से 42°C तक पहुंचने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 22 से 27°C के बीच रहने से रात में भी गर्मी और उमस बनी रहेगी।
Also Read : नई कैबिनेट से पहले दिल्ली जाएंगे सम्राट चौधरी, कई चेहरों पर सस्पेंस

