Iran and US War: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि वह ईरान के साथ चल रहे तनाव को परमाणु युद्ध में नहीं बदलना चाहते। हालांकि उन्होंने तेहरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका के साथ शांति समझौता करने का समय तेजी से खत्म हो रहा है। ट्रंप की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब ईरानी मीडिया ने तेहरान में विस्फोटों की खबर दी। अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद इस तरह की यह पहली घटना बताई जा रही है। हालांकि विस्फोट की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। इजरायली सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल इजरायल ईरान पर हमला नहीं कर रहा है।
परमाणु हथियारों को लेकर क्या बोले ट्रंप
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनकी परमाणु हथियार तैनात करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान को पारंपरिक सैन्य ताकत से ही काफी नुकसान पहुंचाया जा चुका है। ट्रंप ने कहा, “मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा? हमने बिना परमाणु हथियार के ही उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। नहीं, मैं इसका इस्तेमाल नहीं करूंगा। किसी को भी परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं मिलनी चाहिए।”
होर्मुज में ईरानी नावों पर सख्त आदेश
इस बीच ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को निर्देश दिया कि Strait of Hormuz होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाती पकड़ी गई किसी भी ईरानी नाव को तुरंत नष्ट कर दिया जाए। बाद में उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान के लिए समझौते का समय बहुत तेजी से निकल रहा है।
‘मेरे पास समय है, ईरान के पास नहीं’
ट्रंप ने कहा कि उनके पास दुनिया का सारा समय है, लेकिन ईरान के पास नहीं। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सेना काफी कमजोर हो चुकी है और उसके कई बड़े नेता अब मौजूद नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नाकाबंदी पूरी तरह सख्त और मजबूत है और आने वाले समय में ईरान की स्थिति और खराब हो सकती है।
पाकिस्तान में होने वाली वार्ता पर अब भी सस्पेंस
ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। इसकी सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य में दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ता तनाव है। ट्रंप द्वारा युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाए जाने के बाद से वॉशिंगटन और तेहरान—दोनों का फोकस अब इसी रणनीतिक समुद्री रास्ते पर टिका हुआ है।

