Mumbai Food Poisoning Case: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में बिरयानी खाने के बाद परिवार के चार सदस्यों ने तरबूज खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मृतकों में पति-पत्नी और दो बेटियां शामिल
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला अब्दुल कादर, उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) और ज़ैनब (13) के रूप में हुई है। चारों की अचानक मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
रिश्तेदारों के साथ हुआ था डिनर
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात अब्दुल्ला के घर पर डिनर रखा गया था। रात करीब 10:30 बजे परिवार के चारों सदस्य पांच रिश्तेदारों के साथ बैठकर खाना खाए थे। खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए। उस समय तक सब कुछ सामान्य था।
रात में तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि रिश्तेदारों के जाने के बाद, परिवार के चारों सदस्यों ने रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच तरबूज खाया। इसके कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी जैसे लक्षण सामने आए। पहले उन्हें फैमिली डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती चली गई।
जेजे अस्पताल में भी नहीं बची जान
जब हालत ज्यादा खराब हुई तो चारों को इमरजेंसी में जेजे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सबसे छोटी बेटी ज़ैनब की रविवार सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद आयशा, नसरीन और आखिर में पिता अब्दुल्ला ने भी दम तोड़ दिया। अब्दुल्ला की मौत रात करीब 10:30 बजे हुई।
लोकल बिजनेसमैन थे अब्दुल्ला
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला अब्दुल कादर मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाते थे। वे अपने परिवार के साथ पायधुनी इलाके में रहते थे। अचानक पूरे परिवार की इस तरह मौत हो जाना सभी के लिए गहरे सदमे जैसा है।
तरबूज का सैंपल जांच के लिए भेजा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने घटनास्थल से आधा कटा हुआ तरबूज बरामद किया है। इसे जांच के लिए भेजा गया है, ताकि पता लगाया जा सके कि उसमें कोई जहरीला पदार्थ, बैक्टीरिया या मिलावट तो नहीं थी।
तीन अलग-अलग विभाग कर रहे जांच
इस मामले की जांच तीन स्तर पर की जा रही है।
- FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) यह जांच करेगा कि खाने या तरबूज में कोई जहरीला पदार्थ या मिलावट तो नहीं थी।
- जेजे अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग संक्रमण और बैक्टीरिया की जांच कर रहा है। साथ ही हिस्टोपैथोलॉजी टेस्ट के जरिए शरीर के ऊतकों की भी जांच की जा रही है।
- FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) भोजन के नमूनों और विसरा रिपोर्ट के आधार पर मौत की असली वजह का मिलान करेगी।
अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
चारों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है, लेकिन मौत की असली वजह का पता हिस्टोपैथोलॉजी और अन्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल जेजे मार्ग पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
