बंगाल में फिर टूटा मतदान का रिकॉर्ड, शाम 5 बजे तक 90% वोटिंग

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मतदान ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। शाम 5 बजे तक करीब 90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि इस बार भी बंपर वोटिंग देखने को मिल रही है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रही। कई मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं।

142 सीटों पर वोटिंग, आज तय होगी सरकार की तस्वीर

राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इन जिलों में कोलकाता, नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं। इन्हीं सीटों के नतीजे तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी बनेगी।

3.21 करोड़ से ज्यादा मतदाता, 1448 उम्मीदवार मैदान में

चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हुई है।

भवानीपुर बनी सबसे हॉट सीट

दूसरे चरण की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर मानी जा रही है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी चुनावी मैदान में हैं। इस सीट को नंदीग्राम की तरह देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर का मुकाबला इस चुनाव का सबसे बड़ा राजनीतिक केंद्र बना हुआ है।

हिंसा और EVM छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आईं

मतदान के बीच कई जगहों से हिंसा और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आई हैं। कुछ इलाकों में राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर धांधली के आरोप लगाए, जिससे चुनावी माहौल और गर्म हो गया। हालांकि चुनाव आयोग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

41 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र, भारी सुरक्षा तैनात

चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के लिए कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगे हुए हैं।

4 मई को आएंगे नतीजे

पश्चिम बंगाल के साथ असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि बंगाल में सत्ता किसके हाथ जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img