Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एयर एंबुलेंस सेवा के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण मरीज को उचित इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता आरएन चौहान ने बताया कि उनके रिश्तेदार मोहन सिंह की तबीयत काफी गंभीर थी। उन्हें जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर करने की सलाह दी थी।
परिजनों ने इंटरनेट पर एयर एंबुलेंस सेवा की तलाश शुरू की। इस दौरान उन्हें एक फोन नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताया। दोनों पक्षों के बीच आठ लाख रुपये में एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने की बात तय हुई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने एंबुलेंस भेजने में बहाने बनाना शुरू कर दिया। कभी तकनीकी खराबी तो कभी क्लीयरेंस का हवाला देकर समय टालते रहे। इस बीच मरीज की हालत बिगड़ती गई।
जब तक परिजनों को ठगी का अहसास हुआ और वे दूसरी व्यवस्था करने की कोशिश करते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। समय पर इलाज और शिफ्टिंग न हो पाने के कारण मोहन सिंह की मृत्यु हो गई।

