Ranchi : झारखंड में बुधवार को हुई गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
आज रांची, चतरा, देवघर, दुमका, गोड्डा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, साहिबगंज, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग में तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटे तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। कहीं धूप, कहीं हल्की बारिश और कहीं तेज हवा चलने की स्थिति बनी रहेगी।
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को घर से बाहर न निकलने और किसानों को खेतों में काम से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
जिलों का संभावित तापमान
रांची में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 20°C रहने की संभावना है। जमशेदपुर में 33°C/22°C, धनबाद में 32°C/22°C, डाल्टनगंज में 36°C/24°C, देवघर में 29°C/22°C और मेदिनीनगर में 36°C/22°C तापमान रहने का अनुमान है।

