Rudraprayag (Uttarakhand) : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 30 अप्रैल तक करीब ढाई लाख भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी क्रम में शुक्रवार यानी 1 मई को देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना की।
विधि-विधान से की पूजा
जानकारी के अनुसार, गौतम अडानी दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ धाम पहुंचे। मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और देश की समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
धाम में उनके आगमन पर मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे
वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि गौतम अडानी ने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे भी किया। यह परियोजना अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड द्वारा बनाई जा रही है। करीब 12.9 किलोमीटर लंबे इस रोपवे के बनने के बाद केदारनाथ की 9 घंटे की पैदल यात्रा घटकर लगभग 36 मिनट में पूरी हो सकेगी।
चरम पर है केदारनाथ यात्रा
इन दिनों केदारनाथ यात्रा अपने चरम पर है। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु रोज यहां पहुंच रहे हैं। ठंड और कठिन मौसम के बावजूद लोगों की आस्था मजबूत बनी हुई है।

