West Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा। BJP ने 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है और पहली बार बंगाल में सरकार बनाने जा रही है।अब मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। शुक्रवार (8 मई) को कोलकाता में BJP विधायक दल की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।
बंगाल से ही होगा नया मुख्यमंत्री
चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह ने साफ कहा था कि BJP अगर सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा। हालांकि पार्टी ने चुनाव से पहले किसी चेहरे को आधिकारिक तौर पर सीएम उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। अब विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे शुभेंदु अधिकारी का नाम माना जा रहा है। बंगाल में BJP के सबसे बड़े चेहरों में उनकी गिनती होती है। शुभेंदु अधिकारी ने लगातार ममता बनर्जी को सीधी चुनौती दी है। उन्होंने पिछले दो विधानसभा चुनावों में ममता के खिलाफ मुकाबला किया और जीत भी दर्ज की संगठन में मजबूत पकड़, जमीनी नेटवर्क और आक्रामक राजनीति की वजह से उन्हें बीजेपी का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
दिलीप घोष का नाम भी चर्चा में
BJP के सीनियर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल हैं। बंगाल में BJP को मजबूत करने में उनका बड़ा योगदान माना जाता है। लंबे समय तक संगठन को संभालने की वजह से पार्टी में उनकी अच्छी पकड़ है। ऐसे में पार्टी उन पर भी बड़ा दांव खेल सकती है।
समिक भट्टाचार्य भी रेस में शामिल
बंगाल BJP के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का नाम भी चर्चा में है। उन्हीं के नेतृत्व में BJP ने इस बार ऐतिहासिक जीत हासिल की है। समिक लंबे समय से RSS और BJP से जुड़े रहे हैं। वह पार्टी के महासचिव, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और कोर कमिटी में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2025 में उन्हें सुकांत मजूमदार की जगह बंगाल BJP का अध्यक्ष बनाया गया था।
अग्निमित्रा पॉल भी बनीं मजबूत चेहरा
फैशन डिजाइनर से नेता बनीं अग्निमित्रा पॉल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की चर्चा में शामिल है। वह अपनी बेबाक बयानबाजी और आक्रामक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। 2019 में BJP जॉइन करने के बाद उन्होंने तेजी से पार्टी में अपनी पहचान बनाई। 2021 में पहली बार विधायक बनीं और इस बार भी आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की है। इसी साल उन्हें बंगाल BJP का उपाध्यक्ष भी बनाया गया था।
आज की बैठक पर टिकी सबकी नजर
अब सबकी नजर BJP विधायक दल की बैठक पर है। माना जा रहा है कि पार्टी आज ही बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है। बंगाल की राजनीति में यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है।

