Dhanbad : जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित टंडाबाड़ी बस्ती में एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है। गुरुवार को हुए इस हादसे में 3 से 4 लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और गुस्साए ग्रामीणों ने बोकारो-धनबाद NH-32 को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
घायलों में अरमान नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज तिलाटांड़ अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, घायलों की सही संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। मामले पर सीओ गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि सूचना मिलते ही वे सोनारडीह ओपी में बीसीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं, इसलिए स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस के पहुंचने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है, लेकिन सटीक संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि इसी टंडाबाड़ी बस्ती में 31 मार्च 2026 को भी बड़ा भू-धंसान हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा बुधवार सुबह भी जमीन करीब चार फीट तक धंस गई थी, हालांकि उस समय लोग बाल-बाल बच गए थे।
Also Read : झारखंड में बढ़ी गर्मी की मार, कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के करीब, IMD का हीटवेव अलर्ट

