Deoghar : झारखंड के देवघर जिले में बीती देर रात लूट की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फॉर्च्यूनर कार से पहुंचे अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान अपने ही एक साथी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के गोड्डा मुख्य पथ पर जयपुर मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि चार अपराधी एमपी नंबर की फॉर्च्यूनर कार से आए थे और एक मालवाहक गाड़ी को रोककर लूटने की कोशिश कर रहे थे।
लूट के दौरान चली गोली
जानकारी के अनुसार, रांची से साहिबगंज जा रही शीतल पेय कंपनी की फ्रिज लदी गाड़ी को अपराधियों ने रोका और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो एक अपराधी को ही लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद घबराए साथी उसे फॉर्च्यूनर में डालकर देवघर सदर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान घायल अपराधी की मौत हो गई। घटना के बाद एक युवक दोबारा अस्पताल पहुंचा, जहां पहले से मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक मृतक का रिश्तेदार है।

