Koderma : जिले में रेलवे पुलिस (GRP) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के एक सदस्य सहित ट्रेन में चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मनोसाखली निवासी आशीष प्रधान (46), धनबाद के कतरास की संजना पासी (30) और प्रियंका पासी (26) शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कोडरमा स्टेशन पर गया-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन में चढ़ रही एक महिला के गले से चेन छीन ली गई। महिला और उसके पति के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद GRP जवानों ने आरोपी आशीष प्रधान को पकड़ लिया। हालांकि उसका एक साथी छीनी गई चेन लेकर फरार हो गया। पूछताछ में आशीष ने बताया कि वह पहले हलवाई का काम करता था, लेकिन बाद में एक गिरोह के संपर्क में आकर चोरी और छिनतई की घटनाओं में शामिल हो गया। यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में जाकर ट्रेन और बसों में यात्रियों को निशाना बनाता है।
इसी बीच एक अन्य मामले में धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस में छिनतई की सूचना मिलने पर GRP और आरपीएफ ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दो महिलाओं पर शक हुआ, जिन्हें ट्रेन से उतारकर पूछताछ की गई। तलाशी में उनके पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र और मोतियों की माला बरामद हुई। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे ट्रेन में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान चुरा लेती हैं। रविवार को भी उन्होंने गोमोह स्टेशन पर एक महिला को धक्का देकर उसका मंगलसूत्र और माला चोरी कर ली थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। GRP का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

