Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। 21 अप्रैल से सभी स्कूलों का समय सुबह कर दिया गया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके। सरकार के निर्देश के अनुसार, केजी से 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी, जबकि 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
रविवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। पलामू के डालटनगंज में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। इसके अलावा बोकारो (43.1), सरायकेला (41.9), जमशेदपुर (41.6) और कोडरमा (40) में भी पारा 40 डिग्री के पार चला गया। राजधानी रांची में भी तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। कई इलाकों में लू चलने की भी संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
कुछ जिलों में बारिश, कई जगह लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और पाकुड़ में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। रिम्स और सदर अस्पताल में उल्टी, चक्कर और सिरदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के लिए दवाएं, बेड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। साथ ही सभी जिलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

