चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, 31 मार्च को राहुल गांधी होंगे शामिल

Chaibasa : संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने झारखंड और उड़ीसा के जिला अध्यक्षों के लिए बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 22 मार्च से 31 मार्च तक चाईबासा के टीआरटीसी में आयोजित होगा।

जिला अध्यक्षों को मिलेगी संगठन की गहराई से जानकारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि इस शिविर में नए जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास, संगठन की संरचना और काम करने के तरीके की पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से बेहतर तालमेल बनाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर खास ध्यान दिया जाएगा।

फील्ड विजिट के जरिए जमीनी हकीकत समझेंगे नेता

शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों को सिर्फ थ्योरी ही नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल अनुभव भी दिया जाएगा। इसके लिए दो दिन का फील्ड विजिट रखा गया है, जहां वे आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं समझेंगे और समाधान के तरीकों पर काम करेंगे।

31 मार्च को राहुल गांधी की मौजूदगी

शिविर के अंतिम दिन 31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। उनके आने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

कई वरिष्ठ नेता देंगे प्रशिक्षण

इस प्रशिक्षण शिविर में उड़ीसा के 35 और झारखंड के 25 जिला अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। साथ ही कई बड़े नेता भी इसमें शामिल होंगे, जिनमें अजय कुमार लल्लू, भक्त चरणदास, शशिकांत सेंथिल और के. राजू प्रमुख हैं। इसके अलावा प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और बंधु तिर्की जैसे नेता अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण देंगे।

संगठन मजबूत करने पर फोकस

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य है कि जिला स्तर पर नेतृत्व को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि जनता से जुड़ाव और मजबूत हो सके।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img