Delhi High Court: पंजाबी सिंगर और रैपर Yo Yo Honey Singh एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला उनके चर्चित गाने ‘वॉल्यूम 1’ को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। आरोप है कि हनी सिंह ने 50 हजार लोगों की मौजूदगी में कथित आपत्तिजनक गाना गाया था। इस मामले में बुधवार 7 मई 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, जहां सिंगर ने इन आरोपों से साफ इनकार कर दिया।
हाई कोर्ट ने मांगा हलफनामा
सुनवाई के दौरान हनी सिंह की तरफ से पेश वकील ने अदालत को बताया कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में किसी भी आपत्तिजनक गाने को नहीं गाया गया था। वकील ने दलील दी कि अगर ऐसा हुआ होता, तो उसका ऑडियो या वीडियो क्लिप जरूर सामने आता। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि जो बातें अदालत में कही जा रही हैं, उन्हें हलफनामे के जरिए रिकॉर्ड पर पेश किया जाए। अब कोर्ट ने हनी सिंह को अपने दावे के समर्थन में हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।
19 मई को होगी अगली सुनवाई
इस मामले की अगली सुनवाई अब 19 मई को होगी। साथ ही कोर्ट ने केंद्र सरकार को भी मामले में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। यह मामला संगठन हिन्दू शक्ति दाल की ओर से दायर याचिका पर चल रहा है।
क्या है पूरा विवाद?
हनी सिंह का गाना ‘वॉल्यूम 1’ रिलीज के बाद से ही विवादों में रहा है। गाने के बोलों को लेकर महिला विरोधी और आपत्तिजनक होने के आरोप लगे थे।याचिका में मांग की गई थी कि इस गाने के इंटरनेट लिंक हटाए जाएं। इसके बाद कोर्ट ने पहले भी गाने को यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था। अब इसी मामले में यह नया विवाद सामने आया है कि क्या हनी सिंह ने सार्वजनिक कार्यक्रम में यह गाना गाया था या नहीं।

